अमेठी सिटी। जिले में रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान जनभागीदारी का उत्सव बन गया। तिलोई तहसील के मोहिया केसरिया गांव से महाअभियान का शुभारंभ हुआ। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। जिले में एक ही दिन 53 लाख 66 हजार 100 पौधे रोपे गए। मुख्य कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष बी. चैत्रा तथा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने पौधारोपण किया। इसके बाद ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे और अन्य चिन्हित स्थानों पर एक साथ पौधारोपण शुरू हुआ। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। पूरे अभियान के दौरान पौधारोपण के साथ संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि पौधे लगाने तक ही जिम्मेदारी सीमित न रहे, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। महाअभियान को सफल बनाने के लिए पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के तहत सभी तैयारियां पूरी की गई थीं। अभियान के दौरान पौधारोपण की प्रगति पर लगातार नजर रखी गई और सभी चिन्हित स्थलों से सूचना एकत्र की जाती रही। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पौधा सुरक्षित रहकर वृक्ष बने। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपने लगाए पौधे की जिम्मेदारी निभानी होगी। हर घंटे होती रही ऑनलाइन निगरानी महाअभियान की निगरानी के लिए वन विभाग का कंट्रोल रूम पूरे दिन सक्रिय रहा। सभी विकासखंडों और संबंधित विभागों से हर घंटे पौधारोपण की प्रगति रिपोर्ट ली जाती रही। जियो टैगिंग के साथ अपलोड की गई फोटो के आधार पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों ने लगातार समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित कराया। पौधे के साथ सेल्फी, ऑनलाइन मिला प्रमाणपत्र अभियान में शामिल लोगों ने पौधारोपण के बाद पौधों के साथ सेल्फी लेकर उसे निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया। जियो टैगिंग के साथ फोटो अपलोड होने के बाद प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी जारी किए गए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण से जोड़ना और अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। पुलिस लाइन से हुआ महाअभियान का आगाज महाअभियान की शुरुआत सुबह गौरीगंज के पलिया स्थित पुलिस लाइन परिसर से हुई। यहां अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम मोहिया केसरिया गांव में आयोजित हुआ, जहां से जिलेभर में एक साथ पौधारोपण अभियान को गति मिली।