अमेठी के मुसाफिरखाना स्थित इसौली रोड पर सजे मां दुर्गा के पंडाल में लगे लाउडस्पीकर को मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा बंद करवाने से नाराज बड़ी संख्या में समिति के सदस्य तहसील पहुंचे जहां उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप था कि मौलाना द्वारा दिन भर में कई बार पंडाल पर लगे लाउडस्पीकर को बंद करवाया जाता है जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही है। दरअसल ये पूरा मामला मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के इसौली रोड का है जहां वैष्णो माता पूजा पंडाल सजा हुआ है पास में ही जामा मस्जिद स्थित है। मस्जिद में जब भी नमाज होती है तो मस्जिद के मौलाना और उनके सहयोगियों द्वारा पास के पूजा पंडाल पर लगे लाउडस्पीकर को बंद करवा दिया जाता है। पिछले कई दिनों से इस तरह का कार्य किया जा रहा है जिससे नाराज होकर समिति के सदस्य आज भाजपा के जिला मंत्री अतुल सिंह और केंद्रीय दुर्गा पूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम ऑफिस पहुंचे जहां उन्होंने एसडीएम अभिनव कनौजिया को पत्र सौंप कर कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेता अतुल सिंह ने कहा कि हम नवरात्र का त्यौहार मनाते हैं और 9 दिन तक पूजा पाठ करते हैं जबकि मुसलमान साल के 365 दिन नमाज पढ़ते हैं उन्हें मना करने कोई नहीं जाता जबकि हमारे त्यौहार में लाउडस्पीकर को बंद करवा कर बाधा उत्पन्न कराई जाती है। अगर इस मामले में अमेठी प्रशासन ने 24 घंटे के अंदर कोई कार्रवाई नहीं की तो हम लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।