अमेठी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को एडवोकेट राजेश मिश्रा के नेतृत्व में नागरिकों ने उप जिलाधिकारी अमेठी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि शासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में 16 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया गया है, लेकिन कई गांवों में दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। रात में बिजली कटौती से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि सबसे अधिक दिक्कत मरीजों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पर्याप्त बिजली न मिलने के बावजूद उपभोक्ताओं से पूरा बिजली बिल लिया जा रहा है। लोगों ने नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और अघोषित कटौती बंद करने की मांग की। इस दौरान सपा प्रवक्ता एडवोकेट राजेश मिश्रा के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी पंकज मिश्रा को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर विकास शुक्ला, आशीष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, ऋषभ शुक्ला, राजकुमार मौर्य और सुदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।