अमेठी में पीपरपुर के घोरहा गांव निवासी सोनू कश्यप (32) का शव बृहस्पतिवार सुबह जामो-भादर मार्ग पर पूरब दुआरा के पास झाड़ी में मिला। सड़क किनारे झाड़ी में शव पड़े होने की सूचना से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में सड़क पर चलते समय गड्ढे में गिरने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। सोनू अपनी बहन के यहां तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आया था। सुबह जामो-भादर मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को झाड़ी से बाहर निकलवाया। पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में मातम छा गया। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के सड़क पर चलते समय गड्ढे में गिरने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।