फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में मानक विहीन सड़क निर्माण पर ग्रामीणों का धरना, आश्वासन के बाद मानें

अमेठी में भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के थोरी आम घाट से भूली नगर तक बन रही सड़क में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से दोपहर तक ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। बाद में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता महेश गौड़ के मौके पर पहुंचकर गुणवत्ता सुधार का आश्वासन देने पर धरना समाप्त हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि भूली नगर से निकलकर थोरी गांव के आम घाट के पास रायबरेली-अयोध्या हाईवे को जोड़ने वाली करीब 1570 मीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 49 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, लेकिन कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क की पटरी बनाने के लिए किसानों के खेतों से मिट्टी की खुदाई की गई, डामर की मात्रा कम डाली जा रही है तथा मिट्टी में ही गिट्टी मिलाकर कार्य किया जा रहा है। जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का कार्य रात में पुलिस के दबाव में कराया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है। प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण शुक्रवार सुबह से धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता महेश गौड़ ने निर्माण कार्य की जांच की और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण की दो वर्ष की गारंटी होती है। इस अवधि में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे दुरुस्त कराना कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी होगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। मौके पर थाना अध्यक्ष भाले सुल्तान शहीद स्मारक तनुज पाल मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें