यूपी के अमेठी में सीएचसी में डॉक्टरों की कमी व एक्सरे सुविधा नहीं होने से शनिवार को महिला किसानों ने घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सीएमओ को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अस्पताल में सृजित पद के अनुसार डॉक्टर की तैनाती करते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग की। सीएचसी जामो बदहाल हो चुकी स्वास्थ्य सुविधा से मरीजों को परेशान होना पड़ा रहा है। अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती नहीं होने मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। इतना ही एक्सरे मशीन होने के बाद टेक्निशियन की तैनाती नहीं होने से मरीजों को 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल की प्रक्रिया करनी पड़ रही है। अस्पताल की उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं होने से शनिवार को महिला किसान प्रदर्शन पर उतर आई। सीएचसी का घेराव करते हुए जमकर नारे-बाजी की। महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। प्रदर्शन की सूचना पर अस्पताल पहुंचे सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्हें शांत करवाया। शांत महिलाओं ने सीएमओ को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अस्पताल में सृजित पद के अनुसार डॉक्टर की तैनाती करने, वरीयता के आधार पर महिला चिकित्सक तैनात करने व एक्सरे मशीन संचालित कर मरीजों को उपचार में बेहतर सुविधा देने की मांग की। महिला किसानों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर किसान नेता रीता सिंह, भानुमति, शिवपति ,ऊषा, श्यामकली व दिलाऊ सहित संख्या में महिलाए मौजूद रहीं।