यूपी के अमेठी में रविवार को एक किशोर का शव गांव के बाहर झाड़ियों में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। घरवालों ने हत्या किए जाने की बात कही। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना बाजार शुकुल क्षेत्र के बना का पुरवा बाहरपुर गांव की है। गांव निवासी रामबरन के पुत्र शिवम (12) की हत्या की गई है। बड़े भाई अरविंद ने बताया कि उनका छोटा भाई शनिवार शाम घर से पड़ोस में एक महिला के निधन की सूचना पर गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। रविवार को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में झाड़ियों में उसका शव मिला। खबर मिली तो घरवाले रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। अरविंद ने बताया कि परिवार के दो घर हैं। इसी वजह से रात में किसी को यह जानकारी नहीं हो सकी कि शिवम किस घर में है। बालक की हत्या की सूचना पर सीओ अतुल सिंह, थाना जगदीशपुर और भाले सुल्तान पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। किशोर घर से इतनी दूर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।