यूपी के अमेठी में सोमवार को सुबह अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर चलती रोडवेज बस में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। चालक और परिचालक की सतर्कता से बस सवार सभी 42 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। वाहन जलकर नष्ट हो गया। घटना के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हादसा पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे के पास हुआ। सुल्तानपुर डिपो की बस संख्या यूपी 44 बीटी 4036 प्रतापगढ़ जा रही थी। बस चालक मोहम्मद अनीस और परिचालक रविकांत ड्यूटी पर थे। दुर्गापुर चौराहे के करीब बस से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग फैल गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस सड़क किनारे रोक दी। परिचालक और यात्रियों ने तेजी से सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनट में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटों और धुएं की वजह से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हाईवे पर यातायात रुकने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्र पुलिस टीम संग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया। परिचालक रविकांत ने बताया कि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।