यूपी के अमेठी में भादर के त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में शनिवार को 337 नव आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के बतौर मुख्य अतिथि डीआईजी/प्राचार्य प्रशिक्षण केंद्र त्रिसुंडी रास बिहारी सिंह शामिल हुए। त्रिसुंडी स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का ग्रुप सेंटर है। ग्रुप सेंटर के परिसर में ही रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) का भी संचालन होता है। आरटीसी में देश के विभिन्न प्रांतों के 337 नव आरक्षियों ने कठिन प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न बाधाओं को पार करते हुए केंद्रीय पुलिस बल के पूर्ण रूप से जवान बने। 44 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान नव आरक्षियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन, युद्ध अवरोध, हथियार और बिना हथियार के लड़ाई, सहन शक्ति, गोला बारूद के साथ आपदा प्रबंधन, मानवाधिकार, भीड़ एवं दंगा नियंत्रण आदि का प्रशिक्षण प्राप्त किया।