भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे पुलिस लाइन से पटेल तिराहे तक हुई, जहां देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। उनके साथ कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर. शंकर, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला और परियोजना निदेशक अनिल सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।रन फॉर यूनिटी में जिले के सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी शामिल हुए। सभी प्रतिभागी तिरंगा झंडा लेकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के जयघोष के साथ दौड़ में सम्मिलित हुए।