अगहन पूर्णिमा पर बृहस्पतिवार को श्रवण धाम में चार दिवसीय मेले का शुभारंभ होगा। मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। घाट पर बैरीकेडिंग इत्यादि व्यवस्थाएं कराई गई हैं। इसके साथ ही मेला परिसर में बच्चों के लिए तमाम झूले लगाए गए हैं। खजला व खान-पान की दुकानें सज गई हैं। मेले के साथ वृहद किसान मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें किसानों को अत्याधुनिक खेती की तकनीक से अवगत कराया जाएगा। मेले की तैयारियों के बीच श्रवण मंदिर की पुजारी महंत बच्ची दास प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज हैं। मंदिर परिसर में बने विश्राम कक्ष की दीवारें चिटक चुकी हैं। छत से प्लास्टर उखड़ गया है। महंत का कहना है कि श्रवण कुमार के नाम पर करोड़ों का बजट खपाया जा रहा है, लेकिन उनका ही मंदिर उपेक्षा का शिकार है। अगहनी मेला में आने वाले तमाम साधु-संत व श्रद्धालु यहां रुकते हैं, लेकिन इसका कोई इंतजाम नहीं है। यहां पर कराए जा रहे विकास कार्यों पर भी अनियमितता का आरोप लगाया है।