जनगणना सर्वे कार्य को लेकर मंगलवार को तहसील सभागार जलालपुर में जलालपुर और भियांव ब्लॉक के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र एवं किट वितरण के लिए बुलाया गया था, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण शिक्षकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे से बड़ी संख्या में शिक्षक तहसील सभागार पहुंच गए थे, लेकिन दोपहर दो बजे तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई। उमस भरी गर्मी और भीड़ के बीच शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला शिक्षकों ने बताया कि कई लोग छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंचे थे, लेकिन वहां न तो बैठने की समुचित व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी एवं पंखों की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन उनसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां तो लेता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था तक नहीं की जाती। उनका कहना था कि इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को बुलाने से पहले तहसील प्रशासन को बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए थे। अव्यवस्थाओं को लेकर शिक्षकों में पूरे समय नाराजगी और असंतोष का माहौल बना रहा।