अंबेडकरनगर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भारत सरकार के आयुक्त दिव्यांगजन एवं उत्तर प्रदेश राज्य आयुक्त दिव्यांगजन के संयुक्त तत्वावधान में एक संयुक्त मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस विशेष मोबाइल कोर्ट में दोपहर 2 बजे तक कुल 168 दिव्यांगजनों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। इस अवसर पर मोबाइल कोर्ट में उपस्थित मेडिकल बोर्ड द्वारा 16 दिव्यांगजनों को तात्कालिक रूप से दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का तुरंत लाभ उठा सकें। मोबाइल कोर्ट में आवास, शौचालय, पेंशन, ट्राई साइकिल, राशन कार्ड आदि से संबंधित प्रकरणों को सुनकर पात्रता और उपलब्धता के आधार पर त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। यह सुनिश्चित किया गया कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समयावधि के भीतर किया जाए। अमर उजाला टीम ने कई फरियादियों से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए दौड़ रहे हैं।