अंबेडकरनगर की जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में बीते 17 फरवरी को जीवत खुरमुल्लीपुर गांव में जमीन विवाद में राजा भोज विश्वकर्मा की हत्या हो गई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के वीरेंद्र पाठक से जमीनी विवाद को लेकर दीवानी मुकदमा चल रहा है। राजा भोज विश्वकर्मा न्यायालय से तारीख देखकर घर लौटे थे। इसी शाम को विपक्षियों ने पीट दिया था, जिससे राजा भोज की मौत हो गई थी। रविवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि अंबेडकरनगर जिले में ही बाबा साहब का संविधान सुरक्षित नहीं रह गया है। जिले में जंगल राज कायम है। लोगों पर अत्याचार बढ़ गया है। गरीबों और पीड़ितों को थाने और कोतवाली में न्याय नहीं मिल रहा है। मजलूमों, गरीबों और शोषितों को न्याय दिलाने के लिए सपा सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।