अंबेडकरनगर में तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो मरीजों की भीड़ उमड़ी। पर्चा बनवाने के लिए अस्पताल से बाहर तक लंबी कतारें लगी रहीं। पर्चा बनवाने के लिए सुबह से लाइन में लगे मरीजों को एक-डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान गर्मी और उमस से हालत और बिगड़ती गई। बुजुर्ग सहारे के लिए बेंच ढूंढते दिखे, महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लिए पसीना पोंछती रहीं। हर किसी के चेहरे पर थकान और परेशानी साफ नजर आई। इलाज की उम्मीद लिए आए लोग धैर्य से अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीड़ संभालने के लिए स्टाफ तैनात किया गया। लेकिन, व्यवस्थाएं कम पड़ती दिखीं।