अंबेडकरनगर में मस्जिदों में अलविदा की नमाज अकीदत के साथ पढ़ी गई। अकबरपुर में अंतरराष्ट्रीय क़ुद्स दिवस के अवसर पर अलविदा जुमे की नमाज के फिलिस्तीन के मजलूम लोगों के समर्थन तथा विश्व में शांति और न्याय की स्थापना की मांग करते हुए ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया गया। जामा मस्जिद अकबरपुर के पेश इमाम मौलाना अकबर अली, मौलाना मीसम तथा रेहान जैदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुद्स दिवस दुनिया भर में हो रहे ज़ुल्म, अत्याचार और मानवाधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाने का प्रतीक है। फिलिस्तीन के निर्दोष नागरिकों पर हो रहे अत्याचार मानवता के विरुद्ध हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए। मुकद्दस स्थित मस्जिदे अल-अक्सा की पवित्रता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाने की मांग की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार देंवेंद्र श्रीवास्तव को सौंपा गया। ज्ञापन में ईरान सहित अन्य देशों की संप्रभुता का सम्मान करने, विश्व भर में फैल रहे आतंकवाद और निर्दोष लोगों की हत्या के विरुद्ध सख्त अंतरराष्ट्रीय नीति अपनाने, सभी धर्मों के पवित्र धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सऊदी अरब के मदीना स्थित ऐतिहासिक जन्नतुल बक़ी कब्रिस्तान में हजरत फतिमा जहरा (स.अ.) के मजार निर्माण का प्रयास किए जाने की मांग की गई। नमाज के अवसर पर सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। डीएम अनुपम शुक्ला व एसपी अभिजीत आर. शंकर समेत तमाम अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर शांति बनाए रखने की अपील की।