अंबेडकरनगर में जलालपुर तहसील क्षेत्र के बरौली आशा नंदपुर गांव में स्थित बाबा झारखंड महाराज का प्राचीन देवस्थान श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह स्थल भगवान शिव से जुड़ा हुआ है और यहां स्थापित शिवलिंग की कथा पीढ़ियों से सुनाई जाती रही है। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि कभी यहां घना जंगल हुआ करता था। उसी दौरान एक ग्रामीण को जंगल में दिव्य शिवलिंग के दर्शन हुए। इसे ईश्वरीय संकेत मानकर उसने पूजा-अर्चना शुरू की। धीरे-धीरे यह स्थान श्रद्धालुओं के विश्वास का केंद्र बन गया। समय के साथ यहां मंदिर का स्वरूप विकसित हुआ और पूजा-पाठ की परंपरा आज तक निरंतर जारी है।