यूपी के अंबेडकरनगर में शुक्रवार की शाम खेत जोताई करते समय मेड़ टूट जाने पर चचेरे भाई ने भाई को बांस से पीट-पीटकर मार डाला। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के कोटवा महमदपुर किरूनी गांव की है। गांव निवासी रामजीत वर्मा (55) की हत्या हुई है। बताया गया कि रामजीत शाम को अपने ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर रहे थे। उनके खेत के ठीक बगल में चाचा स्वर्गीय कैलाश नाथ वर्मा का खेत है। उसमें उनके चचेरे भाई घनश्याम वर्मा ने सब्जी की बोआई कर रखी है। इस खेत की मेड़बंदी बांस से की गई थी। जोताई करते समय रामजीत के ट्रैक्टर से घनश्याम के खेत का बांस टूट गया। इसके बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। आक्रोश में आकर घनश्याम ने खेत में टूटे पड़े बांस से रामजीत के सिर पर ताबडतोड प्रहार कर दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर खेत पहुंचे परिजन रामजीत को निजी अस्पताल लेकर गए। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रामजीत को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घनश्याम मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आरोपी घनश्याम के परिवार के कई सदस्यों को हिरासत में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।