अंबेडकरनगर में शुक्रवार को सुबह करीब 11:00 बजे सरसों के भूसे में आग लग गई। घटना जलालपुर के मगुराडिला सरई स्थित आरकेवी भट्ठे के पास की है। आग की लपटें निकलती देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। साथ ही भट्ठे के पास खेतों गेहूं की फसलों को हटाना शुरू कर दिया, ताकि आग वहां तक न पहुंचे। साथ ही पानी का छिड़काव करने लगे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घंटे कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। किसान विवेक कुमार ने बताया कि दो दिनों से चल रही तेज हवाओं के बीच भट्ठा मालिक को पानी की व्यवस्था करनी चाहिए थी, मगर कोई व्यवस्था नहीं की गई। भट्ठे में जल रहे कोयले की चिंगारी से सरसों के भूसे में आग लग गई। गोलू यादव ने बताया कि गर्मी के महीने में भट्ठा मालिक को पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। क्योंकि, आसपास खेतों में गेहूं की फसल तैयार है। उसकी कटाई भी चल रही है। सूरज ने बताया कि सुबह 11:00 आग की सूचना मिली। इस पर बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचकर आसपास के खेतों में फसलों को हटाया, लगभग तीन घंटे कड़ी मेहनत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।