अंबेडकरनगर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट–2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शनिवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय परीक्षा में 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए बैठकों और निरीक्षण का सिलसिला जारी है। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी—प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। गर्मी के मद्देनजर पानी, पंखों और कूलर की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, समयबद्ध व्यवस्था बनाए रखने तथा अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।