अंबेडकरनगर: आलापुर तहसील क्षेत्र के अहिरौली स्थित बाबा गोविंद साहब तपोस्थली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए तहसील, ब्लॉक और जिला पंचायत के अफसर सुबह से ही जेसीबी लेकर पहुंच गए। यहां स्थायी और अस्थायी दुकानों का ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया। यहां मेला स्थल और टिनशेड के नीचे बनीं दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। बाबा गाेविंद साहब तपोस्थली के मेला स्थल पर मेले के दौरान दुकानें आवंटित करने के लिए टिनशेड बनवाए गए थे। पिछले काफी समय से इन टिन शेड के नीचे स्थायी व अस्थायी दुकानों का संचालन हो रहा था। जिला पंचायत की ओर से पिछले वर्ष अगस्त माह में नोटिस दिए गए थे। इसके बाद जांच शुरू हुई तो कई लोग अवैध रूप से काबिज मिले थे। इस पर जिला पंचायत ने कब्जे हटाने के आदेश दिए थे। बावजूद इसके अब तक कब्जा नहीं हटाया गया था। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुबह 10 बजे ही एसडीएम आलापुर धर्मेंद्र सिंह, सीओ अनूप सिंह, तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत, लोक निर्माण समेत तमाम विभागों के अफसर जलालपुर, कटका व आलापुर के थाना प्रभारियों व भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए थे।