अकबरपुर नगर पालिका परिषद के मानस नगर कॉलोनी में रास्ते पर बनाई गई दीवार को हटाने पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम की स्थानीय महिलाओं से तीखी नोकझोंक हो गई। जेसीबी के सामने महिलाओं ने बैठकर खूब हंगामा किया और प्रशासन पर मनमानी के आरोप लगाए। घंटों चले हंगामे के बाद आखिरकार टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा। अब उच्च अधिकारियों ने स्वयं मौके पर जाकर जांच करने की बात कही है। उधर, स्थानीय लोगों व विधायक अकबरपुर राम अचल राजभर ने प्रदर्शन की चेतावनी दी है। मानस नगर कॉलोनी में 100 से अधिक मकान हैं। यहां के लोगों का आरोप है कि कॉलोनी को जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति की ओर से दीवार बनाकर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने 13 जुलाई को डीएम व ईओ से की थी। इस पर डीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए नगर पालिका को अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए थे। उधर दूसरे पक्ष की ओर से बिना नक्शे के रास्ता स्वीकृत किए जाने और भू माफियाओं को शरण दिए जाने का आरोप लगाया गया था। शनिवार को ईओ राजमणि वर्मा, अवर अभियंता मालविका सिंह, अतिक्रमण प्रभारी व चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। जेसीबी ने दीवार गिराने की प्रक्रिया शुरू ही की थी कि तभी बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने इस कार्रवाई को अवैध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से बिना नोटिस के कार्रवाई की जा रही है। करीब दो घंटे तक काफी तकरार और नोकझोंक के बाद टीम वापस लौट गई। ईओ राजमणि वर्मा ने बताया कि दोबारा से टीम बनाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।