गुरुद्वारा तपस्थान श्री गुरु तेग बहादुर साहिब पक्की संगत, अहियापुर में श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल, कनखल हरिद्वार के प्रबंधन में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह गुरु साहिब की अमर शहादत को नमन किया गया जिसमें हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी कीर्तन दरबार का आयोजन हुआ। विशेष प्रवचन में गुरु साहिब के तप-त्याग, धार्मिक स्वतंत्रता के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान तथा मानवता, करुणा और परोपकार के संदेश को विस्तृत रूप में बताया गया। दोपहर में अरदास के उपरांत गुरु का लंगर वितरित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पक्की संगत में 23 नवंबर से चल रहे कार्यक्रमों का आज समापन हुआ। पूरे आयोजन की अध्यक्षता श्री पंचायती अखाड़ा कनखल हरिद्वार के अध्यक्ष 108 श्री महंत स्वामी ज्ञान देव सिंह जी महाराज बेदांताचार्य ने की।