अलीगढ़ महानगर के आउट स्कर्ट वाले रोरावर के जलालपुर क्षेत्र की श्रीरामपुरम फेस-2 कालोनी में नकाबपोश बदमाशों ने एक विद्युतकर्मी के घर शुक्रवार को दिनदहाड़े लाखों के जेवरात-नकदी की लूट को अंजाम दे डाला। विद्युतकर्मी के ड्यूटी जाने के बाद घर में घुसे बदमाशों ने पत्नी व बेटियों को बेहोश कर बंधक बनाकर एक घंटे तक लूटपाट की। साथ में छोटी बेटी की जान लेने की धमकी देकर डराया धमकाया गया। लूटपाट के बाद बदमाश परिजनों को बंधक ही छोड़कर बाहर से ताला लगाकर भाग गए। इस लूट में करीब 45 लाख के जेवरात जाने का आरोप है। दोपहर की घटना में शाम को मिली सूचना पर दौड़ी पुलिस ने बदमाशों की तलाश व जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी भी दर्ज की जा रही है।