बरला पुलिस ने 'ऑपरेशन स्माइल' अभियान के तहत 10 जुलाई को घर से लापता हुईं चार नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया है। 10 जुलाई को वादी ने बरला थाने में सूचना दी थी कि ग्राम बरला से चार नाबालिग लड़कियां (करीब 16 से 18 वर्ष) बिना बताए घर से चली गई हैं। पुलिस ने तत्काल गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार, सहपाठियों और ग्रामीणों से जानकारी ली गई। बच्चों की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया। संदिग्ध नंबरों और सोशल मीडिया वेबसाइटों का तकनीकी विश्लेषण किया। अलीगढ़ में आईसीसीसी सहित 353 से अधिक कैमरे खंगाले गए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, दिल्ली, गुरुग्राम और पंजाब में भी बच्चों की तलाश की गई। बच्चियों को पानीपत रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद किया गया। उन्हें परिजनों से मिलवाया गया है और वे स्टॉप सेंटर अलीगढ़ में सुरक्षित हैं।