अलीगढ़-पलवल मार्ग पर सारोल मोड़ के निकट जेवर से टप्पल की ओर मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन लोगों में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में जा गिरी। टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल सेंटी पुत्र संतोष निवासी इतवारपुर थाना टप्पल अलीगढ़ को कैलाश अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक पर सवार अन्य दो लोग समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे कई मजदूर घायल हो गए। घायलों को टप्पल सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।