परिवार दिवाली की त्योहार की खरीदारी के लिए बाजार गया था। पीछे से चोरों ने मकान का मुख्य गेट तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। रविवार दोपहर घर लौटने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। घर के अंदर अलमारी और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे, जबकि सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित परिवार ने करीब 14 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने का दावा किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। औरैया जिले के बिधूना निवासी सतेंद्र सिंह पिछले सात साल से ट्रांस यमुना क्षेत्र के नगला रामबल स्थित आजाद नगर में परिवार के साथ रह रहे हैं। वह पीवीसी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। उनका बेटा विक्की ठाकुर नोएडा में नौकरी करता है। घर पर पत्नी विनीता चौहान और बेटी नेहा चौहान रहती हैं। विक्की हर शनिवार घर आता है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह मां और बहन के साथ दिवाली की खरीदारी करने ट्रांस यमुना कॉलोनी बाजार गया था। परिवार करीब ढाई बजे लौटा तो मुख्य गेट का कुंडा और ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद ले गए। परिवार के मुताबिक चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 14 लाख रुपये है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।