आगरा के थाना किरावली क्षेत्र के गांव सलेमाबाद में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लापता चल रहे कक्षा 11 के छात्र चंद्रवीर उर्फ मोनू का शव खेत के एक कुएं में मिला। मृतक के पिता ने गांव के ही परिचित छह युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने 5 नामजद समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मोनू कुछ परिचितों के साथ घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो चिंता बढ़ गई। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मोनू को कुछ युवकों के साथ खेतों की ओर जाते देखा था। परिजन जब वहां पहुंचे, तो उन्हें खेत में मोनू का लोअर और चप्पलें पड़ी मिलीं। पास ही स्थित कुएं में झांक कर देखा तो मोनू का शव पानी में उतरा रहा था। मृतक मोनू के बड़े भाई सोनवीर सिंह कोलकाता में एयरफोर्स में तैनात हैं। भाई की मौत की खबर सुनते ही वह टूट गए और आनन-फानन में कोलकाता से हवाई जहाज के जरिए दिल्ली और फिर अपने पैतृक गांव पहुंचे। पिता देवेंद्र सिंह खेती-किसानी कर अपने दोनों बेटों को पढ़ा-लिखा रहे थे, लेकिन इस हादसे ने छोटे बेटे को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।