आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है। जिससे वाहन चालकों को गरहाई का अंदाजा नहीं हो पाता। ऐसे में वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा रहे हैं। वहीं अचानक ब्रेक लगाने पर हादसे हो रहे हैं। टूटी फेंसिंग से छुट्टा मवेशियों के घुसने के कारण भी दुर्घटनाएं हो रही हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से टोल टैक्स वसूला जाता है। इसके बावजूद उन्हें सुरक्षित यातायात की सुविधा नहीं मिल पा रही है। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 33.900 और 33.800 के आसपास सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा किलोमीटर 26.300 पर सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बना हुआ है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है। वाहन चालक अचानक गड्ढे में पहुंचने पर नियंत्रण खो देते हैं। वाहन चालकों के अनुसार, इन स्थानों पर हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार सामने चल रहे वाहन को गड्ढा दिखाई देने पर चालक अचानक ब्रेक लगा देते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहन उनके अंदर घुस जाते हैं। जबकि करीब दो माह पूर्व ही सड़क की मरम्मत का कार्य हुआ था, लेकिन इसके बावजूद सड़क दोबारा उखड़ गई।