आगरा के फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव का बृहस्पतिवार को मिनी स्टेडियम, अकोला में समापन हुआ। प्रतियोगिता में संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा बाह, फतेहाबाद, आगरा ग्रामीण, खेरागढ़ ओर फतेहपुर सीकरी में खिलाड़ियों ने भाग लिया था। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों से वर्जुअल संवाद करके उनका मनोबल बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल आज भारत में केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ में सचिन, नितिन, अनामिका और खुशी ने बाजी मारी। फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण सांसद खेल महोत्सव आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिससे ग्रामीण अंचलों तक खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। समापन समारोह में सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रॉफी, ट्रैक सूट, टी-शर्ट एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन दिनेश पचौरी ने किया। मौके पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक छोटेलाल वर्मा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अशोक राणा, हेमेंद्र शर्मा, गिर्राज कुशवाहा, श्याम भदौरिया, महेश गोयल, कालीचरन कुशवाहा, उपेंद्र सिंह, राजीव जैन, राजू लवानिया, रविंद्र सिंह उर्फ राजू प्रधान, डॉ. गंभीर सिंह चाहर, लोकेंद्र चाहर, मोहन सिंह चाहर, एसडीएम सदर सचिन राजपूत उत्तम सिंह काका, प्रवीना सिंह आदि रहीं।