ई-रजिस्ट्री और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को सदर सहित जिले की पांच तहसीलों में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडर्स और टाइपिस्टों की हड़ताल लगातार आठवें दिन भी जारी रही। मंगलवार को आंदोलनकारियों ने निबंधन भवन के गेट पर फर्श बिछाकर और बांह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लगातार चल रहे कार्य बहिष्कार के कारण विवाह पंजीकरण, शपथ पत्र, नोटरी और बैनामे जैसे सभी काम पूरी तरह से ठप पड़े हैं। इससे दूर-दराज से आने वाली आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभूनाथ वर्मा और महासचिव अरविंद दुबे के नेतृत्व में हुई सभा में वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया। उनका आरोप है कि सरकार इस नई व्यवस्था से हजारों लोगों को बेरोजगार करना चाहती है। इससे पूर्व सोमवार को भी एम.जी. रोड पर थाली-ताली बजाकर प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान लाल बहादुर राजपूत और राम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।