नए साल पर मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करने के लिए देश-विदेश से 50 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे। जहां एक तरफ ठिठुरन, गलन और बूंदाबांदी और घने कोहरे ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। वहीं दूसरी ओर विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार करने के लिए सैलानियों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा परिसर पर्यटकों से गुलजार हो गया। ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर सैलानियों की कतारें लग गईं। सुबह 11 बजे के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखने को मिला। प्रवेश के लिए पर्यटकों को काफी इंतजार करना पड़ा। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि नए साल पर पर्यटकों को कोई परेशानी न हो। इसलिए पहले से भीड़ को देखते हुए इंतजाम कर लिए थे।