आगरा के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 28.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पार्सल ऑफिस के पास से पंजाब के रहने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 5.80 लाख रुपये बताई गई है। जीआरपी आगरा के सीओ राजेश दीक्षित ने बताया कि शनिवार को प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर के नेतृत्व में टीम कैंट स्टेशन पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पार्सल ऑफिस के पास साधूराम पुत्र पालाराम (45), निवासी मूनक, जिला संगरूर, पंजाब और उसके बेटे रामफल (19) को पकड़ा गया। आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा से एक लाख में गांजा खरीद करके लाए हैं उसको पंजाब में ले जा रहे हैं। वहां इसकी बिक्री करनी है। एक व्यक्ति से बात हो चुकी है। वह यहां खाना खाने के लिए उतरे थे, उसके बाद वह पंजाब मेल से पंजाब के लिए रवाना होते। दोनों के कब्जे से 28.710 किलोग्राम गांजा मिला। मामले में थाना जीआरपी कैंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।