ताजनगरी आगरा के फतेहपुर सीकरी में बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पहुंचे। यहां उन्होंने कोरई स्थित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर बनाए गए अटल आवासीय विद्यालय अब जिला स्तर पर भी बनाए जाएंगे। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर के विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने ड्रम बजाकर एवं तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में भ्रमण किया। साथ ही भोजन शाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला के साथ ही बच्चों के आवास और क्लास रूम का जायजा लिया।