आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के टीबी विभाग में मरीज पर पंखा गिर गया। इससे उसके चेहरे पर चोट लग गई। इससे तीमारदार आक्रोशित होकर हंगामा करने लगी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस तरह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कॉलेज प्रशासन ने वीडियो छह से आठ महीने पुराना बताया है। साथ ही जांच के लिए कमेटी बना दी है। वायरल वीडियो 1.40 मिनट का है। इसमें टीबी विभाग का मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट (एमडीआर) वार्ड दिख रहा है। इसमें तीमारदार हंगामा करते हुए कह रही है कि मरीज के सिर पर पंखा गिर गया है, जिससे चेहरे पर चोट लग गई है। इसकी ड्रेसिंग नहीं की जा रही है। स्टाफ भी अभद्रता कर रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। वीडियो बनाने पर पुलिस और स्टाफ ने आपत्ति जताई। तीमारदार एसएन की चिकित्सकीय सेवाओं पर सवाल उठा रही है। थाना एमएम गेट प्रभारी का कहना है कि ऐसी किसी घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि ये मामला छह महीने पुराना है। इसकी कोई शिकायत भी नहीं आई है। फिर भी विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति बना दी है। सोमवार तक रिपोर्ट मिलेगी।