आगरा में ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) की बंदिशों के कारण गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को भी बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हैं। शनिवार को नेशनल चैंबर में आयोजित बैठक में उद्यमियों ने यह समस्या प्रमुखता से उठाई। उपायुक्त ने टीटीजेड में नियमों के संशोधन और सरकार के प्रयासों के बारे में बताते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के जीवनी मंडी सभागार में आयोजित बैठक में चैंबर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि कनेक्शन न मिलने के कारण आगरा का उद्योग पिछड़ रहा है। उन्होंने मंडलायुक्त के साथ इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए बैठक आयोजित कराने की मांग की। इस पर जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त शैलेंद्र सिंह ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार टीटीजेड मामले में गंभीर है और सीईसी की रिपोर्ट में संशोधन की प्रक्रिया मुख्य सचिव स्तर से जारी है। उन्होंने ओडीओपी में नए उत्पादों को जोड़ने, मशीनों पर सब्सिडी देने और निर्यातकों के लिए जल्द एक्सपोर्ट काउंसिल के साथ संयुक्त बैठक कराने की भी जानकारी दी। बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं एमएसएमई प्रकोष्ठ के चेयरमैन संजय गोयल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, सदस्य अनूप गोयल, नरेंद्र तनेजा, प्रशांत जैन, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।