आगरा के फव्वारा स्थित श्री मेडिकल एजेंसी से संदिग्ध दवाएं कानपुर में भी बेची गईं। औषधि विभाग की टीम ने कानपुर में एक मेडिकल एजेंसी पर छापा मारकर करीब 16 हजार संदिग्ध दवाएं पकड़ी हैं। जांच के लिए नमूने लैब भेज दिए हैं। बिक्री पर भी रोक लगा दी है। सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि नामी कंपनी के नाम से नकली दवा बेचने की शिकायत पर बुधवार को फव्वारा स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा था। 6 संदिग्ध दवाई मिली थी, इनके नमूने जांच को भेजे। पूछताछ में संचालक ने आगरा के द्वारिकाधीश मेडिकल एजेंसी और कानपुर की योगी फार्मा को दवाएं बेचने की जानकारी दी। द्वारिकाधीश मेडिकल एजेंसी से ओक्सालगिन डीपी की 15885 टैबलेट मिली, इनको सीज कर नमूने लिए गए थे। कानपुर में भी औषधि विभाग की टीम को योगी फार्मा पर जांच के निर्देश दिए। वहां टीम ने करीब 16 हजार ओक्सालगिन डीपी टैबलेट मिली हैं। इनको फ्रीज करते हुए बिक्री पर रोक लगा दी है। जांच रिपोर्ट में नमूना फेल मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि उत्तराखंड में ये संदिग्ध दवाएं बनवाकर प्रदेश भर में खपाई जा रही हैं। अन्य किन शहरों में दवाएं बेची गईं, इसकी संचालक से पूछताछ करते हुए जांच चल रही है।