औषधि विभाग लखनऊ की 30 अधिकारियों की टीम ने 20 फर्म-गोदामों की जांच में करोड़ों रुपये की सैंपल व एक्सपायर्ड दवाएं बरामद की हैं। ये देश-विदेश की नामी कंपनियों की दवाएं हैं, जिन्हें सील कर दिया गया। जांच के लिए नमूने लैब भेजे गए हैं। टीम इनकी सूची बना रही है। इसकी रिपोर्ट शासन को भी भेजी जानी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की अगुवाई में फव्वारा में जैन कॉम्प्लेक्स, माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स, बोहरे रामगोपाल मार्केट, मुबारक महल, नवाबिया मार्केट, कम्मू टोला समेत 12 बाजारों के 20 फर्म-गोदामों पर छापे मारे। इसमें 12 गोदाम बंद मिले। इनके ताले तोड़कर जांच कराई गई थी। इनमें देश-विदेश की नामी कंपनियों की एंटीबायोटिक, पेट रोग, सांस-अस्थमा रोग, कॉस्मेटिक सामग्री, त्वचा रोग समेत कई बीमारियों की भारी मात्रा में दवाएं मिलीं। इनके पैकेट पर नॉट फॉर सेल फिजिशियन सैंपल लिखा हुआ था। एक्सपायर भी दवाएं पाई गईं। इनको सीज कर दिया है। इनकी सूची बनाई जा रही है। जांच के लिए कई दवाओं के नमूने भी लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में इनकी कीमत करोड़ों रुपये की हो सकती है। डॉ. रोशन जैकब का कहना है कि सैंपल-एक्सपायर दवाएं सीज की हैं। आगे की जांच जारी है।