उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा खंड शिक्षक और स्नातक सीटों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि चुनाव में ऐन वक्त की तैयारी पर वर्षों का जमीनी संघर्ष भारी पड़ता है। लंबे समय से धरातल पर काम कर रहे प्रत्याशियों ने बिना ठोस रणनीति के मैदान में उतरे विरोधियों को पटखनी दे दी। शिक्षक सीट से मौजूदा एमएलसी व सपा के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत का परचम फहराया। भाजपा के हरिकिशोर तिवारी को हार मिली। वहीं स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी ने अपनी सांगठनिक ताकत के बल पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। सपा के शशांक यादव उर्फ सीटू को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। चुनावी नतीजों पर भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां ने कहा कि स्ननातक सीट पर अधिकतम मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट किया। वहीं उन्होंने शिक्षक सीट के चुनावी परिणाम पर कहा कि डाॅ. आकाश अग्रवाल चुनाव से कुछ दिन पहले ही समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसे में उनकी जीत में समाजवादी पार्टी का कोई योगदान नहीं है।