आगरा के बिजलीघर चौराहा पर बने डॉ. आंबेडकर पार्क की खस्ता हालत से नाराज आंबेडकर अनुयायियों ने सोमवार को नगर निगम में भीख मांगी। इसके बाद महापौर के नाम लिखा ज्ञापन सौंपा। डॉ. आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन के बैनर तले स्पीड कलर लैब तिराहे पर जुटे लोगों ने बताया कि नगर निगम पार्क की स्थिति ठीक नहीं करा पा रहा है। इस वजह से भीख मांगकर पैसे जुटा रहे हैं। इसके बाद सभी नारे लगाते हुए नगर निगम पहुंचे और प्रदर्शन किया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को ज्ञापन सौंपा। फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष प्रिंस ने बताया कि आंबेडकर पार्क के प्रति उदासीन रवैया लोगों को आहत कर रहा है। इस दौरान विवेक बौद्ध, राहुल वरुण, राहुल राज, नीतेश चंद, गुरु दयाल सिंह, दीपक सागर, नितिन वरुण, करन जरारी, बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।