आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को सिकंदरा स्थित फल एवं सब्जी मंडी में निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र के नेतृत्व में मंडी परिसर में रखी सड़ी-गली सब्जियों और फलों को नष्ट कराया गया। निरीक्षण में लगभग 200 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,350 रुपये बताई गई। इनमें शिमला मिर्च, टमाटर, खरबूजा, गोभी, हरी मिर्च, खीरा और तरबूज शामिल रहे। अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीयन की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कारोबारियों को लाइसेंस और पंजीयन प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने के साथ ही फल एवं सब्जियों को स्वच्छ स्थान पर रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक भी किया।