गेयटी थिएटर के टेवरन हॉल में आयोजित एचसी राय मेमोरियल आर्ट फेस्ट में चारकोल पेंसिल से बनाए गए चित्र लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन चित्रों की खासियत यह है कि इनमें बुजुर्ग व्यक्तियों के चेहरे की झुर्रियों के माध्यम से उनके जीवन के अनुभवों और कहानियों को दर्शाने का प्रयास किया गया है। इन कलाकृतियों को शिमला निवासी सोमिता ने तैयार किया है। उनके बनाए चित्रों में चेहरे की बारीकियों और भावों को उकेरने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। सोमिता शिमला के बिशप कॉटन स्कूल में गणित की अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही चित्रकारी करती आ रही हैं। कला के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें चारकोल पेंसिल के माध्यम से अलग-अलग भावों और जीवन के अनुभवों को चित्रों में उतारने के लिए प्रेरित किया। एचसी राय मेमोरियल आर्ट फेस्ट में प्रदर्शित सोमिता के चित्रों की कीमत 2,000 से लेकर 50,000 रुपये तक है। प्रदर्शनी में आने वाले लोग इन चित्रों को देख रहे हैं और उनकी कलात्मक बारीकियों में रुचि दिखा रहे हैं।