स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की शिमला शहर कमेटी ने बुधवार को नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में संगठन के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शिमला में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर शेर-ए-पंजाब चौक तक पहुंची। इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नीट परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने दिल्ली में गिरफ्तार किए गए एसएफआई कार्यकर्ताओं को रिहा करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध कर रहे एसएफआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तानाशाहीपूर्ण तरीके से गिरफ्तार किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। रैली में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। एसएफआई नेताओं ने कहा कि देशभर के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।