राजधानी शिमला के ऐतिहासिक लोअर बाजार में शनिवार को भी नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहा। अभियान के दौरान सड़क और पैदल मार्ग पर सामान सजाकर कारोबार करने वाले कई दुकानदारों के चालान किए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वाले कई तहबाजारियों को भी हटाया गया। नगर निगम की टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने के निर्देश दिए। सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया गया, ताकि पैदल चलने वालों और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चालान काटे गए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर निगम ने दुकानदारों और तहबाजारियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि आम लोगों की आवाजाही सुगम बनी रहे।