हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (एचजीसीटीए) के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा में शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया। लगातार बारिश के बावजूद शिक्षक कॉलेज परिसर के बाहर एकत्र हुए और गेट मीटिंग आयोजित कर अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि वर्ष 2021 से पीबी-2, पीबी-3 और पीबी-4 से संबंधित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया लंबित है। इसके कारण कई शिक्षकों को समय पर पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ शिक्षक वर्ष 2009 से एक ही ग्रेड पे पर कार्यरत हैं। शिक्षकों ने करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) की अधिसूचना जारी करने में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि समय पर अधिसूचना जारी न होने से शिक्षकों के सेवा संबंधी अधिकार और कैरियर प्रगति प्रभावित हो रही है। एचजीसीटीए इकाई ने सरकार से मांग की कि लंबित डीपीसी प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए और सीएएस की अधिसूचना तत्काल जारी की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। एसोसिएशन के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत 6 से 11 जुलाई तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर नियमित शैक्षणिक कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे।