हिमाचल प्रदेश 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कानूनों व न्यायिक आदेशों को लागू करने, न्यूनतम वेतन व कर्मचारियों की प्रताड़ना बंद करने सहित अन्य मांगों को पूर्ण करने के लिए नेशनल हेल्थ मिशन के प्रबंध निदेशक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों कर्मचारी शामिल रहे। यूनियन ने मांगों की पूर्ति के लिए उप निदेशक नेशनल हेल्थ मिशन हिमाचल प्रदेश डॉ. गोपाल बेरी जी से मुलाकात की व उन्हें 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। उन्होंने जल्द ही मांगों के समाधान का आश्वासन दिया है। यूनियन ने चेताया है कि अगर शीघ्र ही मांगों की पूर्ति न हुई तो यूनियन निर्णायक संघर्ष की ओर बढ़ेगी। यूनियन ने चेताया है कि अगर कर्मचारियों को प्रताड़ित किया गया तो यूनियन के आह्वान पर कर्मचारी गाड़ियां बंद करके हड़ताल पर उतर जाएंगे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, महासचिव प्रेम गौतम, जिला कोषाध्यक्ष बालक राम, यूनियन अध्यक्ष सुनील दत्त, महासचिव बालक राम व उपाध्यक्ष समित कुमार ने कहा कि मुख्य नियोक्ता एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत मेडस्वेन फाउंडेशन के अधीन काम कर रहे सैकड़ों पायलट, कैप्टन व ईएमटी कर्मचारी भारी शोषण के शिकार हैं।