फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirohi News : माउंट आबू में माइनस 2 पर पहुंचा पारा, ठंड के तीखे तेवरों के बीच पर्यटकों ने मौसम का आनंद उठाया

Tue, 07 Jan 2025 11:15 AM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

हिल स्टेशन माउंट आबू समेत जिलेभर में मंगलवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। माउंट आबू में आज सुबह का तापमान –2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे खुले मैदानों, पार्कों और वाहनों पर बर्फ की परत जम गई। यहां पहुंचे पर्यटक इस सर्द मौसम का खुलकर आनंद ले रहे हैं। हालांकि शिक्षा विभाग के आदेशों के बावजूद कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की छुट्टियों को लेकर कोई राहत नहीं दी गई, जिससे बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी है।

कल शाम से शुरू हुआ ठंडी हवाओं का दौर रातभर जारी रहा। माउंट आबू के पोलो ग्राउंड, देलवाड़ा, अचलगढ़, गुरुशिखर और अन्य इलाकों में पेड़-पौधों, घास और वाहनों पर बर्फ की परत जम गई। सुबह जब पर्यटक अपने होटलों से बाहर निकले तो बर्फीले नजारों ने उन्हें रोमांचित कर दिया।

पंजाब से आए एक पर्यटक दंपति ने बताया कि हम कल शाम को माउंटआबू पहुंचे थे। सनसेट प्वाइंट और नक्की झील में बोटिंग का अनुभव बेहद शानदार रहा लेकिन आज सुबह बर्फ से ढंके नजारों ने इस यात्रा को और भी खास बना दिया। राजस्थान में ऐसा मौसम देखना एक अद्भुत अनुभव है।

मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी दिनों में ठंड और शीतलहर के प्रकोप में बढ़ोतरी की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने जिला कलेक्टरों को अपने क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की छुट्टियां घोषित करने का अधिकार दिया है लेकिन सिरोही जिला प्रशासन ने अभी तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया, जिससे छोटे बच्चों को ठिठुरती ठंड में स्कूल जाना पड़ा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें