जिले में टोल प्लाजा की बंद पड़ी लेन में एक गाड़ी मौत का कहर बनकर आई, जिसने वहां पर अलाव ताप रहे लोगों को रौंद डाला। हादसे में टोल प्लाजा के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Banswara News: सरकारी छात्रावास में हिंदू सम्मेलन पर सांसद ने उठाए सवाल, राजनीतिक बयानबाजी तेज
घटना सूरजगढ़ इलाके के रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर हुई। यहां पर एक बंद पड़ी लेन में टोल प्लाजा के कर्मचारी और कुछ अन्य लोग रात को अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान सूरजगढ़ की तरफ से एक तेज रफ्तार गाड़ी आई। इस गाड़ी ने पहले तो बैरियर को तोड़ा और फिर तेज रफ्तार में आकर अलाव ताप रहे लोगों को कुचल दिया। घटना में उम्मेद पुत्र शीशराम की मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इन लोगों को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार गाड़ी एक कैंपर गाड़ी से भी जा टकराई। एक घायल को झुंझुनू अस्पताल में इलाज के लिए रैफर किया गया है। घटना के बाद एक बार तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें तेज रफ्तार से टोल प्लाजा की ओर आ रही गाड़ी ने बैरियर तोड़कर लोगों को कुचल डाला। फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन करेगी।