इस साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा के चुनावी रण में भाजपा या कांग्रेस में कौन विजयी रहेगा, यह दोनों दलों की ताकत से ज्यादा इस बात पर निर्भर करेगा कि किसने अपनी पार्टी में गुटबाजी को ज्यादा बेहतर तरीके से संभाला। कांग्रेस अशोक गहलोत और सचिन पायलट खेमे की गुटबाजी से जूझ रही है तो भाजपा में वसुंधरा राजे सिंधिया और सतीश पूनिया में रस्साकशी जारी है। शनिवार को भाजपा के दोनों दिग्गजों का तनाव एक बार फिर सड़कों पर दिखाई पड़ा जब पार्टी के दोनों दिग्गजों ने एक ही दिन बड़े कार्यक्रम आयोजित कर एक-दूसरे को चुनौती दी।