राजस्थान के कोटा जिले में एक कोचिंग छात्र की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के 9वें फ्लोर से गिरने से मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी ईशान पालीवाल के रूप में हुई है जो कि कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। छात्र पिछले दो साल से कोटा में अपनी मां के साथ किराए के फ्लैट में रह रहा था। वहीं जवाहर नगर पुलिस में सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर शव को में लिया और मोर्चरी में रखवाया है।
अभी तक की जांच में सामने आया है कि मृतक छात्र ईशान पालीवाल की उम्र करीब 19 साल है। छात्र 9वीं मंजिल से गिरा है या उसने सुसाइड किया है? इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। वहीं छात्र के पिता विवेक पालीवाल भोपाल में इंजीनियर हैं। उन्हें हादसे की जानकारी दे दी गई है। हादसे के बाद मां तारा पालीवाल की हालत सही नहीं है। पुलिस का कहना है कि छात्र के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के बाहर, बालकनी और अन्य संभावित जगहों की जांच की है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला लगाया है। पुलिस का कहना है कि कैमरों से जो फुटेज मिले हैं उनकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही एफएसएल टीम ने भी सबूत जुटाए हैं।
ये भी पढ़ें- मासूम अमायरा की मौत पर CBSE का एक्शन, शो कॉज नोटिस जारी; गिनाईं ये कमियां
पहले भी हो चुकी हैं इस तरह की घटनाएं
बता दें कि शिक्षा नगरी कोटा में छात्रों के सुसाइड या उनके साथ हुए हादसों का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी छात्रों द्वारा बिल्डिंग से कूदने या अचानक से गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। एक छात्र खिड़की पर बैठने के दौरान अचानक से नीचे गिर गया था। इसके अलावा एक छात्र में बिल्डिंग से छलांग लगा दी थी।